हरिद्वार–देहरादून और हरिद्वार–ऋषिकेश रेल खंड पर सोमवार को यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। काली मंदिर टनल से भीमगोड़ा कुंड के बीच स्थित ब्रिज संख्या 39 की तकनीकी मरम्मत के चलते रेल ट्रैफिक करीब सात घंटे बंद रहा। इस दौरान कई ट्रेनों को रद्द, कुछ को शॉर्ट टर्मिनेट और कई को विलंब से चलाया गया। शाम सवा चार बजे के बाद ही ट्रैक पर संचालन सामान्य हो सका। बरसात में पहाड़ी से मलबा गिरने के दौरान क्षतिग्रस्त हुए इस महत्वपूर्ण पुल पर रेलवे ने विकास और सुदृढ़ीकरण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया। सुबह साढ़े नौ बजे हरिद्वार-दून ट्रैक को बंद कर मरम्मत शुरू की गई। इस दौरान ब्रिज पर नॉन–इंटरलॉकिंग और इंटरलॉकिंग से जुड़े अहम काम हुए। कार्य के चलते 8 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करना पड़ा, जबकि 26 ट्रेनों को निर्धारित स्टेशनों से पहले ही शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया। छह ट्रेनों को 60 से 180 मिनट देरी से चलाया गया और तीन ट्रेनों का संचालन 45 से 90 मिनट नियंत्रित कर किया गया। कुल 43 ट्रेनें इस ब्लॉक के दौरान प्रभावित रहीं।