चंपावत जिले में भाजपा ने बीते दिनों गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस पार्टी के हंगामा करने के विरोध में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी का पुतला फूंका। शुक्रवार को भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत के नेतृत्व और नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा के संचालन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सदन में कांग्रेस विधायकों की ओर से अराजकता, तोड़ फोड़ और सदन को ना चलने देना, आपदा जैसे गंभीर मुद्दों पर सदन पर बात ना करना गंभीर है। यहां दायित्वधारी श्याम नारायण पांडेय, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष निर्मल माहरा, विकास साह, नंदन तड़ागी, सूरज प्रहरी, प्रकाश बिनवाल आदि रहे।