नंदानगर। सलबगड़ रोड पर शुक्रवार को अपराह्न करीब साढ़े पांच बजे पुनियारा महादेव के समीप सड़क किनारे एक डंपर पर आग लग गई। सूचना मिलने पर नंदानगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू किया। आग लगने से डंपर का अधिकांश हिस्सा जल गया है। बताया जा रहा है कि डंपर के ऊपर जली हुई अवस्था में चीड़ का पेड़ गिरा, जिस कारण इस पर आग लगी। नंदानगर के थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क किनारे पिछले करीब नौ दिन से एक डंपर खड़ा था। जांच में पता चला कि शुक्रवार को एक जलता हुआ चीड़ का पेड़ इसके ऊपर गिरा और उस पर आग लग गई। चीड़ का पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात भी बाधित हो गया था। पेड़ के अवशेष जेसीबी से हटवाए गए और यातायात भी सुचारु करवाया गया। उन्होंने बताया कि डंपर कालेश्वर निवासी अनिल पल्लव का है। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।