पहाड़ के लिए अलग कार्ययोजना बनाने समेत पांच सूत्रीय मांगों के लिए ग्राम प्रधानों ने आवाज मुखर कर दी है। जिला प्रधान संगठन ने कलक्ट्रेट परिसर में विभिन्न समस्याओं के निदान की मांग के लिए प्रदर्शन किया। डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष दीपक खेतवाल ने कहा कि वर्तमान में ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब है। मैदानी और पहाड़ी क्षेत्र में एक समान योजना होने से निर्माण कार्य में दिक्कत आ रही है। पहाड़ की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए कार्ययोजना में बदलाव करते हुए विकास के लिए अलग मॉडल बनना जरूरी है। उन्होंने जीएसटी और टेंडर सिस्टम पर भी सवाल उठाए और पुरानी कार्यप्रणाली को लागू करने की मांग की। प्रधानों ने मनरेगा में काम करने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताई। मनरेगा में हुए कार्यों का तत्काल भुगतान कराने और जी राम जी योजना में सरलीकरण करने की मांग की। मनरेगा के श्रमिकों का दैनिक भुगतान 500 रुपये करने और ग्राम प्रधानों के मानदेय में बढ़ोत्तरी करने की मांग की। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष नवल किशोर, शेर सिंह बिष्ट, दीक्षा कोश्यारी, सुंदर मेहरा, प्रवीण कुमार, सरिता देवी, रूपा देवी, दीपा देवी आदि मौजूद रहे।