फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: नीट परीक्षा विवाद पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

अरविंद कुमार Updated Wed, 24 Jun 2026 10:47 PM IST

अल्मोड़ा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर देशभर में उठ रहे सवालों और कथित अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। बुधवार प्रेस वार्ता कर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली की खामियां और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियां देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में यदि निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं तो इसका सीधा असर उन छात्रों पर पड़ता है, जो वर्षों की मेहनत, कठिन तैयारी और आर्थिक संघर्ष के बाद डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं। छात्रों के परिवार अपनी जमा-पूंजी उनकी पढ़ाई पर खर्च करते हैं, लेकिन जब परीक्षा प्रक्रिया ही संदेह के घेरे में आ जाए तो उनकी उम्मीदों और मेहनत को गहरा आघात पहुंचता है। भोज ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। इससे युवाओं का भरोसा सरकारी संस्थाओं और परीक्षा संचालन एजेंसियों पर कमजोर हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही क्यों तय नहीं की जा रही। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से बीते दिनों कोटा में छात्रों के साथ संवाद के बाद पार्टी ने देशभर में छात्रों से संवाद अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में अल्मोड़ा में भी आज छात्रों की गूंज कार्यक्रम के तहत छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। वहीं बृहस्पतिवार को ब्लॉक स्तर पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। भोज ने बताया कि युवा कांग्रेस गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक करेगी, जबकि एनएसयूआई स्कूलों में जाकर छात्रों से संवाद करेगी। महिला कांग्रेस भी छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से संपर्क कर इस मुद्दे पर चर्चा करेगी। कांग्रेस ने नीट मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने की मांग की है। इस दौरान विधायक मनोज तिवारी, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें