महाकुंभ के मद्देनजर प्रयागराज से वाराणसी समेत अन्य जगहों के लिए चलाई जा रही ट्रेनों के संचालन की मॉनीटरिंग रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे बोर्ड के वार रुम से की। इस दौरान उन्होंने स्टेशन प्रबंधकों को यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। महाकुंभ में जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए इन दिनों नियमित एवं विशेष गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। रेलमंत्री ने सोमवार को रेलवे बोर्ड के वार रुम से ट्रेनों के परिचालन से संबंधित पूर्ण जानकारी प्राप्त की। वार रूम में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि संगम स्नान के लिए आने वाले यात्रियों और संगम स्थान के बाद वापस अपने-अपने शहर-गॉंव की ओर जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।