यूपी के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस के अवसर पर काशी में सेवा और समर्पण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिन्दू वाहिनी, वाराणसी की ओर से 5 जून को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस बार 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रक्तदान शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को कबीरचौरा स्थित एमसीएच विंग का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के साथ बैठक कर रक्तदाताओं की सुविधा, स्वास्थ्य परीक्षण, पंजीकरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। आयोजकों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन प्रत्येक वर्ष सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जाता है। इसी क्रम में इस बार भी रक्तदान जैसे जनहितकारी अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी युवाओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। संगठन के पदाधिकारी अमृत सिंह भोला ने बताया कि 500 यूनिट से अधिक रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोग इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में योगदान देंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में उनके समर्थक और शुभचिंतक सेवा कार्यों के माध्यम से इसे मनाते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रति सेवा भाव को मजबूत करना और जरूरतमंदों की मदद करना है।