भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में बुधवार को समीक्षा बैठक में संस्थान की प्रगति, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने ई-प्लेटफॉर्म से किसानों के लिए बाजार उपलब्ध कराने, संकर बीज उत्पादन को बढ़ाने, नेटवर्क की स्थापना, डिसिजन सपोर्ट सिस्टम विकसित, अनुसंधान व उत्पादन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग करने एवं जैविक खेती के उन्नयन पर आदि पर जोर दिया। केरल कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. पी राजेंद्रन की अध्यक्षता में छह वार्षिक समीक्षा की गई। क्यूआरटी के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्रन ने किसानों को अच्छे बीज की उपलब्धता के लिए बीज नेटवर्क की स्थापना, शहरी बागवानी के लिए बीज के मिनी किट की आवश्यकता एवं संकर बीज उत्पादन को बढ़ाने आदि पर जोर दिया। विधानचंद्र कृषि विश्वविद्यालय पश्चिम बंगाल के डॉ. प्रनब हाजरा ने युवाओं को सब्जियों से जुड़ी मूल्य श्रृंखला में उद्यमी बनाने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।