प्रधानमंत्री सूर्य : मुफ्त बिजली योजना के तहत राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चयनित 24 महिलाओं को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने नियुक्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि पीएम सूर्य : मुफ्त बिजली योजना केवल ऊर्जा क्षेत्र की योजना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का भी माध्यम है। प्रशिक्षण प्राप्त “सोलर दीदी” अब लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के साथ ही योजना के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसके बाद मंत्री ए.के. शर्मा ने सर्किट हाउस में पीएम सूर्य : मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने योजना की प्रगति की जानकारी दी और कहा कि सरकार स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को हर घर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। महिलाओं की भागीदारी से योजना को और मजबूती मिलेगी।