महंगाई के मुद्दे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को स्वर्ण जयंती चौक पर महंगाई बरात निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महंगी चीनी, प्याज समेत खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता से अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद अपने सभी वादे भूल गई। जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है। किसान, नौजवान, महिलाएं, व्यापारी और दुकानदार सभी सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि चीनी, चावल, दाल, तेल, प्याज और साबुन समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। चीनी महंगी होने से त्योहार के सीजन में मिठाइयों के दाम भी बढ़ गए हैं। विमला देवी और लालती भारती ने कहा कि महिलाएं महंगे आटा, चावल, दाल, तेल, प्याज और साबुन से परेशान हैं। सुरेश अग्रहरि और मनीष केडिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल पूंजीपतियों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। प्रदर्शन में सतीश कुमार चौबे, राजेंद्र भारती, अक्षय भारती, मारकंडे, गोपाल गुप्ता, जुनैद अंसारी, अरविंद पटेल, बचाऊ बियार, सुभाष चौधरी आदि मौजूद रहे।