भारतीय किसान संघ जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। धान खरीद में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि क्रय केंद्रों पर किसानों का धान तौल करने के बाद भी फीड नहीं किया जा रहा। एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद किसान क्रय केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं। तमाम छोटे किसानों का धान अभी भी क्रय केंद्र पर पड़ा है, जिसकी तौल नहीं हो रही। इससे किसान परेशान हैं। छोटे किसानों का धान क्रय होना आवश्यक है। माैसम में बदलाव से उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। लगन का सीजन भी शुरू हो चुका है। तमाम जरूरी कार्य उन्हें धान बेचकर ही करना है। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला मंत्री प्रभुपाल मौर्य, सुभाष चंद्र पाल, दीनानाथ यादव, निर्भय कुमार, कुलदीप सिंह, चंद्रमा सिंह, रवींद्र कुमार, बुलंद अख्तर, अवधेश कुमार, राधेश्याम आदि शामिल रहे।