मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत रविवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर शिविर लगाए गए। राॅबर्ट्सगंज, खलियारी और सलखन में आयोजित मेले में कुल 124 मरीज पहुंचे। स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच कर उपचार किया और आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित कीं। वहीं, खलियारी में चिकित्सक और फार्मासिस्ट के नहीं पहुंचने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। राॅबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे मेले में 34 मरीज पहुंचे। इनमें अधिकतर सर्दी-जुकाम, बुखार और पेट दर्द की शिकायत से पीड़ित थे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी सिंह ने मरीजों का परीक्षण कर बीमारी के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराईं। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। स्वास्थ्यकर्मी मनोज राठौर, कृष्णकांत चौबे, चरनजीत सिंह समेत अन्य कर्मचारी व्यवस्था में लगे रहे। वहीं खलियारी स्थित उप-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य शिविर में चिकित्सक और फार्मासिस्ट के नहीं पहुंचने से मरीजों को अपेक्षित उपचार नहीं मिल सका। करीब 30 मरीज स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे थे। इनमें से पांच मरीजों के नमूने जांच के लिए लिए गए। एलटी पवन सिंह तथा स्टाफ नर्स सोनाली और सुनीता ने स्वास्थ्य सेवाएं संभालीं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के दूर-दराज के गांवों से लोग इलाज के लिए यहां पहुंचते हैं। कई मरीज 60 से 70 किलोमीटर की दूरी तय कर स्वास्थ्य केंद्र आते हैं। चिकित्सक के अनुपस्थित रहने से कुछ मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक और फार्मासिस्ट की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है।