मेरठ-करनाल मार्ग स्थित पटनी प्रतापपुर टोल के निकट बाबा मेघनाथ की कुटी, लक्ष्मणपुर मंदिर तथा श्री समाधि आदिनाथ गुरुकुल गोरखनाथ आश्रम में 1 जून से 11 जुलाई तक चलने वाली 41 दिवसीय विशेष तपस्या का शुभारंभ हो गया है। इस तपस्या में बाबा मंगलनाथ और बाबा कालू नाथ साधना में लीन हो गए हैं। आश्रम के महंत बाबा मेघनाथ ने बताया कि यह तपस्या पूरे विश्व के कल्याण, सुख-शांति, मानवता के मंगल और लोक कल्याण की भावना से की जा रही है। उन्होंने कहा कि साधना अवधि के दौरान श्रद्धालु भी आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे। तपस्या का समापन 11 जुलाई को होगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संत और श्रद्धालु शामिल होंगे। समापन कार्यक्रम में विश्व शांति, मानव कल्याण और समृद्धि की कामना के साथ विशेष प्रार्थना की जाएगी।