शामली के बाबरी थाना क्षेत्र के गांव बुटराड़ा निवासी समीर को Ghaziabad पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों और पाकिस्तान को गोपनीय सूचनाएं भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया गया कि चार दिन पहले गाजियाबाद पुलिस समीर को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी, जिसके बाद मंगलवार को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार समीर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक गिरोह का सक्रिय सदस्य था। जांच में सामने आया है कि वह वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए गिरोह के मुख्य सदस्य नौशाद के संपर्क में आया था, जिसके बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। इसी नेटवर्क के माध्यम से वह देशविरोधी गतिविधियों में शामिल हुआ। समीर पर आरोप है कि उसने सैन्य ठिकानों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और रेलवे स्टेशनों की रेकी कर उनके फोटो, वीडियो और जीपीएस लोकेशन विदेशी नंबरों पर भेजे। साथ ही वह मध्य प्रदेश में पिस्टल तस्करी में भी शामिल रहा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।