कोतवाली खलीलाबाद परिसर में शुक्रवार को पुलिस कर्मियों के लिए एक विशेष ध्यान एवं योग सत्र का आयोजन किया गया। वर्तमान परिवेश में पुलिस ड्यूटी की अनिश्चितता, लंबी कार्य अवधि और अनियमितता के कारण उत्पन्न होने वाले मानसिक तनाव को कम करने और कर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विशेषज्ञ प्रशिक्षक आनन्द कुमार, अभय कुमार श्रीवास्तव एवं मनीष राय ने विशेष प्रशिक्षण दिया। पुलिस कर्मियों को तनाव मुक्ति, मानसिक संतुलन बनाए रखना और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने हेतु विभिन्न योगासनों और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित ध्यान से न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता भी बेहतर होती है।