पीलीभीत जिले के किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। समितियों पर खाद नहीं मिल रही है और अफसर पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहे हैं। मंगलवार को शहर की मंडी समिति परिसर के किसान सेवा केंद्र पर सुबह सात बजे से ही किसानों की लाइन लग गई। 30 से 40 किलोमीटर दूर से पहुंचे किसानों को दो घंटे बाद यूरिया उपलब्ध न होने की जानकारी मिली। वहीं डीएपी के लिए किसानों की लंबी लाइन लगी। गांव कुंवरपुर से आए किसान ने बताया कि केंद्र पर यूरिया नहीं है। कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रहा है। कल्यानपुर से आए रामस्वरूप ने बताया कि एक घंटे से अधिक समय हो गया है। खाद अब तक नहीं मिल पाई है।