मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना देकर अपनी लंबित समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे और सरकार से अपनी मांगों के समाधान की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने कहा कि शिक्षकों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे उनमें रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जिलाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार जैन ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली, धारा 18 व 21 से जुड़े मुद्दे तथा शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों से संबंधित समस्याओं का समाधान बेहद जरूरी है। वहीं जिला मंत्री अरुण कुमार ने बताया कि चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, वेतन निर्धारण और पुरानी पेंशन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इन मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।