मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर व शाहपुर मार्ग स्थित गांव तावली में गाड़ी चालक के घर में लीक होने के चलते सिलिंडर में आग गई। इस दौरान सिलिंडर फट गया। घर में आग से काफी नुकसान हुआ है। दीवार में दरार भी आ गई। कोई जनहानि नही हुई है। गांव तावली निवासी फारूख गाड़ी चलाने का काम करता है। सोमवार सुबह वह और उसकी पत्नी इसराना और चार महीने की बेटी घर पर थे। दो बच्चे स्कूल गए हुए थे। महिला खाना बनाने के लिए चली। लाइटर चलाते ही सिलिंडर में आग लग गई। परिवार के सदस्य शोर मचाते हुए जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग आए। पास में रहने वाले लोग भी अपने घर से बाहर आ गए। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। बताया गया कि यह परिवार घर में ऊपरी मंजिल पर रहता है। आग लगने से घर में रखी कई लाख रुपये की नगदी, फ्रिज सहित कीमती सामान जल गया। गैस का सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया। फारुख ने बताया कि घटना के दौरान सिलिंडर भी फटा है। गनीमत रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया अन्यथा आग आसपास के मकान में भी फैल सकती थी। कोई जनहानि भी नहीं हुई। कई लाख का नुकसान हुआ है। दीवार में दरार भी आई है। सिलिंडर उसके घर पर सोमवार सुबह ही आया था। सूचना देने पर गैस एजेंसी केे कर्मचारियों ने भी पहुंच कर जानकारी ली है।