मेरठ। शीश का दानी समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट ने बृहस्पतिवार को वट सावित्री व्रत के उपलक्ष्य में नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया। यह आयोजन ट्रस्ट के सूरजकुंड रोड स्थित कार्यालय पर किया गया। इस अवसर पर 60 बरगद के पौधों का वितरण भी किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने बताया कि दृढ़ शक्ति और नारी संकल्प की प्रतीक महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें तुलसी संजू सिंह सिसोदिया, मंजू शर्मा और शशि गोयल शामिल थीं। इन्हें स्मृति चिन्ह, बरगद का पौधा और श्रंगार का सामान देकर सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं ने चिकित्सकों द्वारा जवाब देने के बाद भी अपने पतियों के प्राणों की रक्षा की। वट सावित्री व्रत पर पूजित बरगद के पौधों का वितरण करते हुए सभी से नए वट वृक्ष लगाने का संकल्प लेने की अपील की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने बताया कि यह वृक्ष लाखों पशु-पक्षियों का घर है, सर्वाधिक ऑक्सीजन देता है और इसके प्रत्येक हिस्से में औषधीय गुण हैं। यह तापमान कम रखता है और बाढ़ को रोकने में भी सहायक है। इस अवसर पर नीरज भारद्वाज, राधा सिंघल, अनीता गुप्ता, मीना गुप्ता और शिखा शर्मा को भी बरगद का पौधा और श्रंगार का सामान देकर सम्मानित किया गया। विशेष सहयोगी ऋृषि शर्मा को कई वर्षों से अपनी पैरालाइज पत्नी की सेवा करने के लिए सम्मानित किया गया।