हरिद्वार से कांवड़ियों के साथ लौट रहे कसाना डीजे और सारजन डीजे को हाईवे पर जगह-जगह रोकने के बजाय आगे बढ़ाया जा रहा है। दोनों डीजे हरिद्वार से खतौली के भंगेला पहुंचे, जहां खतौली पुलिस ने उन्हें रुकने नहीं दिया और मेरठ सीमा की ओर रवाना कर दिया। दादरी पहुंचने पर दौराला पुलिस ने कसाना डीजे को दादरी, सकौती और दशरथपुर से आगे निकाला। पुलिस ने कहीं भी डीजे को रुकने नहीं दिया। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि दोनों डीजे को सिवाया टोल प्लाजा से भी आगे निकाला जाएगा। हाईवे पर डीजे को रोककर कांवड़ियों की भीड़ जुटने नहीं दी जाएगी। दरअसल, डीजे के पीछे बड़ी संख्या में कांवड़िये चल रहे हैं। डीजे के रुकने पर हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ एकत्र हो जाती है, जिससे यातायात प्रभावित होने लगता है।