मेरठ में बाबा औघड़नाथ मंदिर में अमरनाथ जलाभिषेक के लिए आने वाले भक्त किस रूट से प्रवेश करेंगे और उनकी सुरक्षा व्यवस्था कैसी होगी, इसका जायजा लेने के लिए शुक्रवार को मंडलायुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद और डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी ने पैदल मार्च किया। कमिश्नर और डीआईजी ने मंदिर के आसपास के रास्तों, जलाभिषेक रूट और श्रद्धालुओं के मूवमेंट को लेकर अधिकारियों से एक-एक बिंदु पर जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मार्ग की स्थिति, बैरिकेडिंग, सुरक्षा बलों की तैनाती और आपात स्थिति में निकासी व्यवस्था पर भी फोकस किया गया। निरीक्षण के दौरान मेरठ एसएसपी डॉ विपिन ताडा, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एडीएम सिटी बृजेश सिंह, एसपी क्राइम अवनीश कुमार सहित नगर निगम, ट्रैफिक और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि रूट पर साफ-सफाई, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था पहले से चाक-चौबंद रहे। साथ ही महिला श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।