मेरठ में शनिवार को कांवड़ियों का भव्य स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दुल्हैड़ा चुंगी पहुंचे और हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही कांवड़ मार्ग का माहौल भक्तिमय हो गया। भगवा रंग में सजे कांवड़ मार्ग पर बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे। आसमान से बरसते फूलों के बीच कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा माहौल शिवमय नजर आया। मुख्यमंत्री ने करीब 30 मिनट कार्यक्रम स्थल पर रहकर कांवड़ियों का अभिवादन किया। पुष्पवर्षा के दौरान शिवभक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।