गंगानगर क्षेत्र के कसेरुबक्सर बाजार में मिठाई कम तौलने को लेकर की गई तीन युवकों की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को गंगानगर एफ ब्लॉक में राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र सिंह गुर्जर कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने घटना को जानलेवा हमला बताया और पुलिस द्वारा मुकदमे में धारा 307 न लगाने पर नाराजगी जाहिर की। इस बैठक में सर्व समाज से 17 लोगों की कमेटी गठित की गई, जो पूरे मामले को एसएसपी से लेकर जिलाधिकारी व अन्य राष्ट्रीय मंचों पर रखेगी। बुधवार को कमेटी अधिकारियों को ज्ञापन देगी। रविवार को घटनास्थल पर मिठाई की दुकान के बाहर अनिश्चितकाल धरना देने की घोषणा की।