मेरठ शहर में हो रहे अवैध निर्माणों के विरोध में हिंदू स्वाभिमान संस्थान के कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रवी भट्ट ने कहा कि मेरठ के कई इलाकों में अवैध कब्जे और निर्माण तेजी से बढ़ रहे हैं, जिन पर प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी अवैध निर्माणों को प्रशासनिक विभाग द्वारा तत्काल सील कर ध्वस्त कराया जाए। पंडित रवी भट्ट ने आरोप लगाया कि मेरठ विकास प्राधिकरण की लापरवाही और मनमानी के कारण शहर में अवैध निर्माण लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे शहर की व्यवस्था और नियोजन प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान पंडित नरेश शास्त्री, योगेश गोयल, जिलाध्यक्ष ओमपाल शर्मा, मीडिया प्रभारी रौनक समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।