मऊ कोतवाली क्षेत्र के पावर हाउस कॉलोनी के पास से बृहस्पतिवार की भोर में चार बजे चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 16,123 रुपये, दो तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद हुआ। पूछताछ के बाद धारा बढ़ाते हुए सभी को न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सभी बीते 17 दिसंबर की रात 12 बजे मऊ डिपो बस स्टेशन परिसर में रोडवेज के संविदा परिचालक से रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग गए थे। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि मऊ डिपो में तैनात संविदा परिचालक संतोष कुमार गोंड़ वाराणसी से लौटे थे और रोडवेज परिसर में बस खड़ा करा रहे थे। पीछे की दीवार पर रानीपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी अभिषेक यादव उर्फ कल्लू (22), शहर कोतवाली क्षेत्र के सहादतपुरा निवासी ऋतिक राजभर (21), मुंशीपुरा निवासी ओम भारद्वाज (19) और दिपांशू उर्फ टेल्हू (20) बैठे थे। अभिषेक ने झपट्टा मारकर परिचालक के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीना और सभी कूदकर भाग गए। सभी शातिर किस्म के अपराधी है, जिनका संगठित अपराधियों का एक गिरोह है, जो चोरी, छिनैती आदि मामलों में कई बार जेल जा चुके है। जेल जाने के बाद हर बार जमानत पर रिहा होकर हमेशा कोई न कोई संगीन अपराध करते हैं। गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर टिकट काटने वाली मशीन, परिचालक मार्ग पत्र, लगेज टिकट बुक, मैनुअल टिकट बुक बरामद कर लिया गया।