मथुरा के गोवर्धन कस्बे में करंट लगने से 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है, जबकि चिकित्सकों ने आरोपों को निराधार बताया। घनश्याम अग्रवाल (21) पुत्र विनोद अग्रवाल, निवासी उर्मिला सेवा सदन, बस स्टैंड के सामने, गोवर्धन शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे अपनी दुकान का शटर खोलकर उसमें रखा बैग निकाल रहे थे। इसी दौरान शटर में अचानक करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके कारण युवक की जान नहीं बच सकी। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. प्रदीप गौतम ने बताया कि जब युवक को अस्पताल लाया गया, तब उसकी हालत अत्यंत गंभीर थी। जांच के दौरान यह पाया गया कि उसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। उन्होंने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।