मथुरा के हाईवे थाने के पास रेलवे पुल पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते रविवार को लंबा जाम लग गया। जाम की स्थिति रिफाइनरी तक करीब तीन से चार किलोमीटर तक बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच जाम में फंसे लोग घंटों परेशान रहे। सबसे अधिक दिक्कत छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को हुई। कई वाहन चालक पानी और छांव की तलाश करते नजर आए। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात पूरी तरह रेंगता रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे पुल पर निर्माण कार्य के कारण सड़क का एक हिस्सा संकरा हो गया है, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ने पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। रविवार होने के कारण हाईवे पर वाहनों की संख्या अधिक रही, जिससे समस्या और बढ़ गई। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारु कराने का प्रयास किया, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही के चलते काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।