मथुरा के बरसाना में लठामार होली की परंपरा निभाने नंदगांव से आए हुरियारे प्रिया कुंड पहुंच गए हैं। जहां उनकी आगोनी को बरसाना की चौपई जा रही है। गोस्वामी समाज के साथ अन्य समाज की चौपई भी प्रिया कुंड पहुंचकर नंदगांव के हुरियारों की आगवानी करेगी और भांग ठंडाई के साथ उनका स्वागत सत्कार किया जाएगा। लठामार होली की परंपरा के अनुसार नंदगांव के हुरियारे बरसाना पहुंचने से पहले प्रिया कुंड पर ठहरते हैं, जहां विभिन्न समाजों की चौपई पहुंचकर पारंपरिक रीति से उनका स्वागत सत्कार करती है। चौपाइयों और होरी गायन की गूंज के बीच हुरियारों का सम्मान होगा और भांग ठंडाई प्रसाद स्वरूप वितरित की जाएगी। इसके बाद हुरियारे मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे और मंदिर में दर्शन करने के उपरांत रंगीली गली की ओर बढ़ेंगे, जहां लठामार होली का मुख्य आयोजन होगा। प्रिया कुंड पर चौपाइयों की गूंज के साथ आगोनी की परंपरा जीवंत हो उठी है और श्रद्धालुओं की भीड़ इस परंपरागत दृश्य की साक्षी बन रही है।