मथुरा के सुरीर के गांव परसोती गढ़ी के पास खेत पर बंधी बुर्जियों में लगी आग से किसानों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। दरअसल, गांव परसोती गढ़ी निवासी थान सिंह और दुर्गपाल का पेट्रोल पंप के सामने खेत है। गेहूं की फसल कटने के बाद किसानों ने खेतों में ही भुस की बुर्जियां बांध दीं। मंगलवार शाम अचानक एक बुर्जी में आग लग गई। आग लगती देख किसान मौके की ओर दौड़ पड़े। आनन फानन दमकल केंद्र मांट को सूचना दी गई। उधर, कुछ ही देर में आग ने तीन बुर्जियों को अपनी चपेट में ले लिया। बाद में पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मदद की मांग की है।