मथुरा के वृंदावन में नए साल के पहले दिन विश्व प्रसिद्ध श्री बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान पुलिस और सिक्योरिटी गार्ड ने श्रद्धालुओं को धक्के देकर मंदिर से बाहर निकाला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को देख मंदिर प्रबंधन पर एक बार फिर से सवाल खड़े हो रहे हैं। वीडियो नए साल के पहले दिन का बताया जा रहा है। इसमें निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ तीन पुलिसकर्मियों को धक्का देकर श्रद्धालुओं को बाहर की ओर निकालते हुए देखा जा सकता है। उधर, श्री बांकेबिहारी मंदिर हाईपावर्ड कमेटी ने बैठक में नए साल पर सुगम दर्शन के दावे किए थे, लेकिन मंदिर में श्रद्धालुओं को धक्के मिले। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मंदिर में भीड़ ज्यादा हो गई थी, इस कारण लोगों को आगे बढ़ाया जा रहा था।