छाता, मथुरा। बंद पड़ी छाता शुगर मिल को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग को लेकर स्थानीय किसानों और युवाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में बरसाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाजीपुर गांव के एक युवक ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए बेहद अनूठा और संघर्षपूर्ण तरीका अपनाया है। कन्हैया नामक यह युवक हाथ में गन्ना लेकर देर रात से ही दंडवत (साष्टांग) करते हुए छाता शुगर मिल धरना स्थल की ओर निकल पड़ा है। उसकी यह यात्रा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। इनका यह प्रदर्शन क्षेत्र के किसानों की बदहाली और शुगर मिल के बंद होने से हो रही परेशानियों को बयां कर रहा है। वह अपनी इस दंडवत यात्रा को पूरा करते हुए सीधे धरना स्थल पहुंचेगा और हाथ में गन्ना लेकर इस जन-आंदोलन का हिस्सा बनेगा। कन्हैया का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन इस मांग को एक बार फिर सुर्खियों में ले आया है।