मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नगला बरी के रहने वाले होमगार्ड ने सोमवार सुबह एसपी कार्यालय पर आत्मदाह की कोशिश की। खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। ये नजारा देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने हाथ से बोतल और माचिस छीन ली। गांव नगला बरी निवासी होमगार्ड अजयपाल ने कुछ समय पहले एक बाइक ली थी। उनका पुत्र वही बाइक लेकर कन्नौज गया हुआ था।वहां सोमवार की सुबह उसे पुलिस ने पकड़ लिया। बाइक जांच में चोरी की निकली। पुलिस ने होमगार्ड के पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी होने के बाद होमगार्ड ने थाना पुलिस से पुत्र को छुड़ाने की गुहार लगाई। सुबह वह एसपी कार्यालय पहुंच गया और वहां खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। तभी वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद थाना एलाऊ पुलिस मौके पर पहुंची। होमगार्ड को जिला अस्पताल ले गई। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद होमगार्ड को अपने साथ ले गई।