ब्रिटिश हुकूमत में बने रेल गंगापुल के अप रेल लाइन पर चैनल स्लीपर बदलने का कार्य कानपुर छोर से रेलवे शुरू कराएगा। रविवार को शुक्लागंज छोर पर एकत्रित किए गए चैनल स्लीपरों को कानपुर पर छोर ले जाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। करीब 14 सौ चैनल स्लीपर यहां लाए गए है, जिन्हें रेल गंगापुल पर लगाया जाएगा। मालूम हो कि रेल गंगापुल के लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाली अप रेल लाइन की हालत बेहद जर्जर है। ऐसे में ट्रेनों को स्टॉप डेड कॉशन से निकाला जा रहा है। शताब्दी, वंदेभारत समेत सभी वीवीआईपी ट्रेनों को एक मिनट के लिए रेलवे क्रॉसिंग संख्या-41 पर रोका जाता है। फिर कानपुर के लिए रवाना किया जाता है। अभी रेलवे को अप्रूवल रेलवे बोर्ड से नहीं मिला है, मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि इसके पहले की तैयारी का कार्य रेलवे अपनी ओर से तेजी से करा रहा है। रविवार को रेल पथ विभाग ने कार्यदायी एजेंसी के साथ मिलकर अप रेल लाइन पथ से ही चैनल स्लीपरों को पुश गाड़ी से कानपुर छोर ले जाने का कार्य कराया। चैनल स्लीपर डालने का कार्य कराने वाली क्राउन एजेंसी के ठेकेदार ने बताया कि कानपुर छोर स्लीपरों को एकत्रित किया जा रहा है। कार्य उसी छोर से शुरू करते हुए शुक्लागंज छोर पर खत्म किया जाएगा।