नवीन गंगापुल मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक घंटे तक जाम की स्थिति रही जिससे राहगीरों को काफी समस्या रही। जाम के कारण पुल मोड़ से पोनी तिराहा होकर राजधानी मार्ग सरस्वती टॉकीज रोड तक वाहनों की कतार लगी रही। मौके पर कोतवाली गंगाघाट और यातायात पुलिस ने पहुंच कर जल्दबाजी में घुसे वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। सुबह 10 से 11 बजे के बीच पुल मोड़ पर जाम लगा रहा। ऐसे में नौकरी पेशा करने वाले, स्कूल जाने वाले छात्र व अन्य जरूरी कार्यों से जाने वाले वाहन सवार जाम में फंसे रहे। जाम पुल मोड़ के सकरे मार्ग पर जल्दबाजी में वाहनों के निकलने के कारण लगा। बता दें पुल मोड़ के बाबा आनंदेश्वर महादेव मंदिर मोड़ के पास से उल्टी दिशा से पोनीरोड की ओर से वाहन बीच में घुसने लगते हैं जिससे पीछे से आने वाले वाहन फंस जाते हैं और जाम लगता है। मंगलवार सुबह भी यही हुआ जल्दबाजी में लोग पोनी तिराहे से न आकर बाबा आनंदेश्वर महादेव मंदिर मोड़ के पास से घुसने लगे जिससे जाम लगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह व टीआई सुनील कुमार सिंह ने बताया कि फोर्स भेजकर जाम खुलवाया गया।