छठ महापर्व को लेकर गंगाघाट नगर पालिका की ओर से नगर के सभी घाटों पर शनिवार को तैयारियां पूरी कर ली गईं। जेसीबी से कटान वाले स्थानों को बराबर करते हुए वहां ढलान बनाई ताकि लोग आसानी से गंगा स्नान कर पूजन कर सकें। वहीं, पालिकाध्यक्ष, एसपी, एडीएम समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। पालिकाध्यक्ष कौमुदी पांडेय, एसपी जेपी सिंह, एडीएम सुशील कुमार, एडीएम (न्यायिक) अमिताभ यादव, एएसपी अखिलेश सिंह, एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी व पालिका ईओ मुकेश मिश्रा समेत कई अधिकारियों ने शनिवार को दोपहर बाद बालू घाट से शिव बाबा घाट और फिर आनंद घाट छोर तक घाटों पर पालिका की ओर से की गईं तैयारियों का निरीक्षण किया। एसपी ने गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह को सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडेय ने बताया कि 30-30 नाव, गोताखोर और नाविक मौजूद रहेगें। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। मिश्रा कॉलोनी छोर के शिव बाबा घाट से आनंद घाट तक तीस सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ईओ ने बताया कि सभी घाटों पर रोशनी के बेहतर प्रबंध किए गए है। सभी घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि लोग गहराई में न जा सकें।