गोविंदपुरी स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की झलक दिखेगी। 22 मई को होने वाले आयोजन को रेलवे ने सेना की वीरता को समर्पित किया है। बच्चे वीर सैनिकों को समर्पित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। सेना के वीरों को दर्शाती चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को गोविंदपुरी सहित 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअली लोकार्पण करेंगे। सेंट्रल स्टेशन के निदेशक आशुतोष सिंह ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। आयोजन के लिए विधानसभा अध्यक्ष, सांसद, विधायकों व अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि 25.50 करोड़ रुपये से गोविंदपुरी स्टेशन को फिर से विकसित किया गया है। अमृत भारत योजना के तहत विकसित स्टेशन पर 24 कोच की ट्रेनों के लायक प्लेटफार्म बने हैं। प्रतीक्षालय, पैदल पुल, प्लेटफार्म समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं यहां मिलेंगी।