हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद जिले की राजनीति में उबाल आ गया। सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में बिजली, पानी, स्मार्ट मीटर और फसल बीमा घोटाले को लेकर आयोजित सपा प्रदर्शन के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। सपा नेताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद मीडिया से बातचीत में सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री के खिलाफ तीखी टिप्पणी की। उन्होंने स्मार्ट मीटर, फसल बीमा घोटाले, विद्यालय बंद होने, चुनावी प्रक्रिया और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।