ग्रीनपार्क स्टेडियम में दो मार्च से शुरु होने वाली कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) की ट्रॉफी का अनावरण शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी ने किया। स्टेडियम में चमचमाती ट्रॉफी ने हर किसी का दिल जीत लिया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने सभी को आकर्षित किया। इस दौरान अवनीश अवस्थी ने कहा कि इस लीग के माध्यम से युवा प्रतिभा को एक बेहतर मंच मिलेगा। इसके साथ-साथ शहर का हुनर भी निखरेगा। उन्होंने कहा कि केपीएल में युवा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से आईपीएल और टीम इंडिया में अपनी जगह बनाएंगे। केसीए के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर की ओर से लीग में शामिल टीमों का नाम विधानसभा क्षेत्र वार रखने की योजना बेहद अच्छी है। मेरे दादा आर्यनगर के हैं, इसलिए मेरा दिल आर्यनगर की तरफ अधिक है। मेरी शुभकामनाएं सभी टीमों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि केपीएल की थीम खेलेगा कानपुर-देखेगा इंडिया बहुत की शानदार है।