तीन बार सांसद रहे देवी बख्श सिंह (85) का सोमवार को लंबी बीमार के बाद निधन हो गया था। मंगलवार को मिश्रा कॉलोनी पक्का घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। छोटे बेटे उदयवीर सिंह ने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान पूर्व सांसद के अंतिम दर्शन करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। राजधानी मार्ग सब्जी मंडी स्थित उनके आवास से अंतिम यात्रा शुरू हुई और मिश्रा कॉलोनी पक्का घाट पहुंची। घाट पर नायब तहसीलदार यशवंत सिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह की अगुवाई में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार करते हुए छोटे बेटे उदयवीर सिंह ने मुखाग्नि दी गईं। श्मशान घाट पर मौजूद राजनैतिक दलों के लोगों के बीच उनके तीन बार के सांसद के कार्यकाल की चर्चा होती रही। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, जिला महामंत्री विपिन मिश्रा, पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा, रामचंद्र वर्मा, रामचंद्र गुप्ता, केडी त्रिवेदी, अंकुर शुक्ला, अवधेश दीक्षित, राजेश गुप्ता गोल्डी गुप्ता, आदित्य त्रिपाठी, सूर्य कुमार बाजपेई, मोहन लाल शर्मा, उमा गुप्ता, बालेश शर्मा व अवनीश शुक्ला समेत तमाम लोग मौजूद रहे। उधर, गंगाघाट नगर पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडेय सोमवार की शाम पूर्व सांसद के आवास पर पहुंची और परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।