प्रभारी सीएमओ डॉ. हरिनंदन सिंह ने रविवार को राजधानी मार्ग स्थित न्यू पीएचसी का निरीक्षण किया। वैक्सीन कोल्ड चेन में सफाई व्यवस्था ठीक न होने से कोल्ड मशीनों में धूल जमा होने पर कोल्ड चेन प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही पीएचसी की खस्ताहाल दीवारों की मरम्मत व परिसर से जर्जर पेड़ों को हटाने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान कई मरीजों ने डॉक्टरों के विलंब से आने की शिकायत की। इस पर सीएमओ ने सभी डॉक्टरों को ओपीडी समय से करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी सीएमओ ने ब्रह्म नगर स्थित अरबन हेल्थ सेंटर का भी निरीक्षण किया। प्रभारी सीएमओ जिला मुख्यालय से सीधे न्यू पीएचसी पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने दवाओं का स्टॉक चेक किया। इसके बाद ओपीडी रजिस्टर देखा। मौके पर मौजूद डॉ. अक्षय कुमार, डॉ. रश्मि वर्मा और आयुर्वेदिक चिकित्सक अर्चना गुप्ता से ओपीडी की जानकारी ली। अस्पताल में मौजूद कुछ मरीजों से भी मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में पूछा। कई मरीजों ने डॉक्टरों के विलंब से आने की शिकायत की। इस पर सीएमओ ने सभी डॉक्टरों को ओपीडी समय से करने के निर्देश दिए। साथ ही चेताया कि विलंब से आने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। पीएचसी की जर्जर दीवारें और छज्जों को बनवाने के लिए प्रभारी को पत्र लिखने को कहा। परिसर में खड़े जर्जर पेड़ों को देखने के बाद उन्होंने वन विभाग को पत्र लिखकर उसे हटवाने की बात कही। उधर, ब्रह्म नगर के अरबन हेल्थ सेंटर के निरीक्षण में कुछ कमरों में अंधेरा दिखने पर मेडिकल स्टॉफ अभिलाष पटेल से रोशनी की व्यवस्था कराने को कहा।