मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने प्रधानों से कहा जिस गांव में अच्छा प्रधान है और जागरुक नागरिक हैं उस गांव में विकास करना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है। आज भी कई गांव में गंदगी का साम्राज्य है, जगह-जगह सड़कें खराब है। हम लोगों को एक बार जरूर अपनी गिरेबान में झांकना पड़ेगा। आगे उन्होंने कहा कि कुछ गांव ऐसे भी है जहां पर डिजिटल लाइब्रेरी है। बच्चों के पढ़ने के लिए बढ़िया फर्नीचर, लाइट की सुविधा है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से कहा क्या यह व्यवस्था सभी गांव में नहीं हो सकती। हर ग्राम प्रधान 26 जनवरी तक अपने गांवों को चमकाने का संकल्प लें। स्वच्छता, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा का संदेश देने वाले कार्यक्रमों का भी आयोजन करें। शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संसाधन आदि गतिविधियों को नियमित करने के लिए गांव समिति बनाई गई है। जिस गांव में अच्छा प्रधान, जागरूक नागरिक और समिति बेहतर काम करेगी, वहां का विकास कराना मुश्किल नहीं होगा। हर गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती से लेकर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। मंडलायुक्त ने कहा कि शासन गांवों में स्थित विद्यालयों में काफी सुविधाएं दे रहा है। हर गांव में डिजिटल लाइब्रेरी का गठन किया जा रहा है। ग्राम प्रधानों के उत्कृष्ट विकास कार्यों को सम्मानित करने के उद्देश्य से श्रेष्ठ प्रधान-2025 का मंडलस्तरीय आयोजन बुधवार को लेमन ट्री होटल में किया गया। कार्यक्रम में झांसी, ललितपुर और जालाैन जिले के ग्राम प्रधान मौजूद रहे। जिनके कार्यों का चयन उत्कृष्ट विकास के मापदंड पर किया गया है। इन प्रधानों को उनके गांवों के विकास में दिए गए योगदान के लिए अमर उजाला श्रेष्ठ प्रधान -2025 सम्मान से नवाजा गया। अमर उजाला की पहल पर मुथूट फाइनान्स की ओर से प्रायोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन ग्राम प्रधानों को पहचान दिलाना है, जिन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपने गांवों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।