झांसी में रविवार की दोपहर करीब तीन बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गई है, जो कि अभी भी जारी है। इस कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव भी हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने हवाओं के निम्न दाब के क्षेत्र के चलते पिछले दो-तीन दिनों से मानसून फिर सक्रिय हो गया है। हालांकि अब तक हल्की वर्षा देखने को मिल रही थी लेकिन रविवार को झमाझम बारिश से शहर तरबतर हो गया। सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। आसमान में घने काले बादल छाने के साथ ही दोपहर तीन बजे के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश शाम पांच बजे तक जारी है। इससे तापमान में भी गिरावट आ गई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, शहर की कई गलियों समेत इलाइट-मेडिकल मार्ग पर कई जगहों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा है।