कुठौंद क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज होता जा रहा है। सोमवार को करीब एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीण कुठौंद बिजली घर पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली घर का घेराव कर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी हो गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उनका कहना है कि पहले जहां सामान्य मीटर से नियंत्रित बिल आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिना ज्यादा खपत के भी अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर नहीं लगाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान बिजली घर परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।