थाना कदौरा क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर में भैंस बांधने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर निवासी जगराम कुशवाहा (70) और सगनू राईन (70) के बीच भैंस बांधने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान जगराम कुशवाहा ने आक्रोश में आकर सगनू राईन के प्राइवेट अंगों पर लात मार दी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में सगनू राईन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।