उन्नाव मार्ग पर साइकिल सवार पल्लेदार को पीछे से क्रेन ने टक्कर मार दी। घटना में पल्लेदार की मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला। क्रेन पुलिस ने कब्जे में ली। घटना बुधवार सुबह हुई। कोतवाली क्षेत्र के बहादुरखेड़ा निवासी लवलेश (35) पल्लेदारी करते थे। चाचा महेश ने बताया कि मंगलवार को लवलेश संडीला की नई मंडी में काम करने गए थे। रात में वह मंडी में ही रुक गए। बुधवार सुबह साइकिल से घर जाने के लिए निकले थे। गांव के ही कुछ और पल्लेदार भी अपनी साइकिलाें से जा रहे थे। उन्नाव मार्ग पर बेहसरिया के पास पीछे से आई क्रेन ने लवलेश को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से लवलेश मौके पर ही गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ जा रहे गांव के ही अनुज व कुछ अन्य पल्लेदारों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला पहुंचाया। चिकित्सक ने यहां लवलेश को मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी सोनी, एक पुत्र और एक पुत्री है। कोतवाल विद्यासागर पाल ने बताया कि क्रेन पुलिस के कब्जे में है। परिजनों से तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।