कानपुर-सागर हाईवे पर मुख्यालय स्थित बेतवा और यमुना पुल में ट्रकों के खराब होने से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दोपहर दो बजे लगे जाम को यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर तीन घंटे बाद पांच बजे खुलवाया। इस दौरान जाम में फंसे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बेतवा पुल पर मंगलवार दोपहर दो बजे एक ट्रक खराब हो गया। इसके चलते कुछ देर में हाईवे जाम हो गया। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने इसे क्रेन की मदद से हटवाया। जाम में फंसे वाहन निकल भी नहीं पाए कि यमुना पुल पर दूसरा ट्रक खराब हो गया। इससे जाम और बढ़ गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। जाम खुलवाने में जुटी यातायात व कोतवाली पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर यमुना पुल में खड़े खराब ट्रक को हटवा धीरे-धीरे वाहनों को पास कराया। इस दौरान वाहनों के जाम में फंसने से यात्री पैदल ही अपने गंतव्य को जाते दिखे। -------------------