पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के तहत शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं और सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। जनपद में कुल 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12:05 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5:05 बजे तक आयोजित की जा रही है। दोनों पालियों को मिलाकर करीब 19,200 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए केंद्रों पर प्रवेश पत्र की सघन जांच की गई और वर्जित सामग्री की भी तलाशी ली गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं, वहीं कई अभ्यर्थी समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। वहीं बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए आईटीआई चौराहा स्थित शहरी आजीविका केंद्र (सीएलसी) मेवतियां में निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है।