नई दिल्ली में आयोजित सशक्त पंचायत नेत्री सम्मान समारोह में गोंडा जिले की महिला प्रधान को सम्मानित किए जाने से गांव में खुशी का माहौल है। मनकापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बैरीपुर रामनाथ की प्रधान अर्चना पांडेय को गांव में कराए गए विकास कार्यों और नवाचारों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। सम्मान मिलने की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ प्रधान का नहीं बल्कि पूरे गांव और जिले का सम्मान है। प्रधान अर्चना पांडेय ने कहा कि गांव के विकास के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। पंचायत भवन, पंचायत लर्निंग सेंटर, विद्यालय का कायाकल्प, नाली-सड़क निर्माण, सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं से गांव को नई पहचान मिली है। यह सम्मान पूरे गांव के सहयोग का परिणाम है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान ने गांव में विकास की नई मिसाल पेश की है, जिससे अन्य पंचायतों को भी प्रेरणा मिलेगी।