पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को एसपीईएल कार्यक्रम के तृतीय चरण की प्रगति समीक्षा गोष्ठी हुई। इसमें छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कानून एवं आपराधिक प्रक्रिया, अपराध अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर अपराध, मानव तस्करी, महिला सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था जैसे विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें पुलिस लाइन्स, साइबर थाना, महिला थाना, एएचटीयू, यूपी-112, नारकोटिक्स सेल एवं मीडिया सेल का भ्रमण भी कराया गया । स्वामी सहजानंद परास्नातक महाविद्यालय, राजकीय महिला स्नाकोत्तर महाविद्यालय, राजकीय महिला डिग्री कालेज सैदपुर, बापू महाविद्यालय सादात, शहीद स्मारक राजकीय डिग्री कालेज के 50 छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में सहभागिता की। इन्हें थाना कोतवाली, थाना सैदपुर, थाना मुहम्मदाबाद, थाना सादात पर व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। पुलिस महानिदेशक (नियम एवं ग्रंथ) एलवी एंटनी देव कुमार ने छात्र-छात्राओं के उत्साह एवं सहभागिता की सराहना करते हुए बताया गया कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं। युवाओं को पुलिस से जुड़कर जन-जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं कानून के प्रति सजगता बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं। इस मौके पर एसपी डॉ. ईरज राजा, एएसपी डॉ. राकेश कुमार मिश्र, सीओ सिटी शेखर सेंगर, सैदपुर सीओ रामकृष्ण तिवारी, भुड़कुडा सीओ शुभम वर्मा, कासिमाबाद सीओ अनुभव राजर्षि आदि मौजूद रहे।