बुधवार शाम जिले में जहां एक ओर तेज आंधी और चक्रवाती तूफान का कहर था, वहीं दूसरी ओर जखनिया में प्रेम और साहस की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। अफरा-तफरी और तेज हवाओं के बीच शिव मंदिर परिसर में एक जोड़े ने सात जन्मों का साथ निभाने की कसम खाई। जखनिया गोविंद गांव के प्रधान प्रतिनिधि अशोक गुप्ता ने बताया कि हंसा कुमारी और सादात थाना क्षेत्र के शशि कुमार के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर पंचायत बैठी थी। दोनों पक्षों की मौजूदगी में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक गुप्ता और समाजसेवी संतोष उर्फ मुन्ना सिंह की मध्यस्थता में यह निर्णय लिया गया कि रिश्ते को सामाजिक मान्यता दी जाए। उसी समय जब तेज तूफान और बारिश से लोग सुरक्षित जगहों की तलाश में भाग रहे थे, मंदिर परिसर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। तेज हवाओं और बारिश के बीच शशि ने हंसा की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपना जीवनसाथी बनाया। मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया। इस अनोखे दृश्य को कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद भी किया। इस संबंध भुड़कुड़ा थाना प्रभारी धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी को मंजूरी दी और एक दूसरे के खिलाफ दी गई शिकायत वापस ले ली।